जिला सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को और तेज करते हुए चिट्टा तस्करों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक टी. साईं दत्तात्रेय वर्मा (आईपीएस) ने बताया कि इस वर्ष हेरोइन (चिट्टा) की बरामदगी में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 40 से 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
एसपी ने कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। इसे रोकने के लिए पुलिस केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की पूरी सप्लाई चेन को खत्म करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष दो बड़ी वित्तीय जांच भी की गई हैं, जिनमें बड़े नशा तस्करों की अवैध संपत्तियां जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस स्कूलों में “एंटी चिट्टा आंदोलन” के तहत लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। स्वयं उन्होंने चार स्कूलों का दौरा कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि बच्चों के व्यवहार में अचानक बदलाव दिखाई दे तो इसे नजरअंदाज न करें और समय रहते डॉक्टर या नशा मुक्ति केंद्र से परामर्श लें।
एसपी ने कहा कि जिले में रात के समय गश्त बढ़ाई गई है तथा विशेष नाके लगाकर नशा तस्करों और सड़क किनारे शराब पीने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य न केवल तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करना है, बल्कि नशे के शिकार लोगों को सुधार की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
सोलन में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती तेज, चिट्टा बरामदगी में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी: एसपी