मुख्य मंडी सोलन में फल और सब्जियों का सीजन पूरे शबाब पर है। मंडी में विभिन्न फसलों की बंपर आवक के बीच किसानों को कई उत्पादों के अच्छे दाम मिल रहे हैं। कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) सोलन के सचिव राघव सूद ने बताया कि मंडी में टमाटर, फ्रेंच बीन, शिमला मिर्च और लहसुन की आवक लगातार बढ़ रही है, जिससे व्यापार भी रफ्तार पकड़ चुका है।
राघव सूद के अनुसार, इस सीजन में अब तक सोलन मंडी में 84,155 क्रेट टमाटर का कारोबार हो चुका है। मंगलवार को टमाटर का अधिकतम भाव 550 रुपये प्रति क्रेट दर्ज किया गया, जबकि गुणवत्ता के अनुसार औसत दाम 50 से 400 रुपये प्रति क्रेट के बीच रहे।
उन्होंने बताया कि मंडी में अब तक करीब 36,400 क्विंटल शिमला मिर्च पहुंच चुकी है। इसका बाजार भाव 600 से 800 रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि मॉडल प्राइस 500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
फ्रेंच बीन की आवक भी अच्छी बनी हुई है। इस सीजन में लगभग 13,000 क्विंटल फ्रेंच बीन मंडी पहुंची है। इसके दाम गुणवत्ता के अनुसार 1,000 से 7,000 रुपये प्रति क्विंटल तक रहे, जबकि मॉडल प्राइस 5,500 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
लहसुन उत्पादकों को भी इस बार बेहतर मूल्य मिल रहे हैं। मंडी में अब तक करीब 6,000 क्विंटल लहसुन की आवक हो चुकी है। लहसुन का मॉडल प्राइस 140 रुपये प्रति किलोग्राम रहा, जबकि अधिकतम भाव 200 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया।
एपीएमसी सचिव राघव सूद ने कहा कि मंडी में सीजन अपने चरम पर है और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। आने वाले दिनों में आवक और व्यापार दोनों में और बढ़ोतरी की संभावना है।