सोलन में परिसर हिंसा पर एसएफआई ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

सोलन। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) सोलन इकाई के जिला सचिव साहिल जिंटा ने प्रदेश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में हुई घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और शैक्षणिक परिसरों का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सोलन में हुई घटना की निष्पक्ष जांच करने और किसी भी प्रकार की एकतरफा कार्रवाई नहीं करने की मांग की।
साहिल जिंटा ने बताया कि 17 अक्टूबर को सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एसपीयू) में छात्रों की मांगों को लेकर अधिकारियों से मिलने पहुंचे एसएफआई के राज्य सचिव सनी सेक्टा और राज्य कमेटी सदस्य ऋत्विक पर 30 से 40 लोगों ने हमला किया। उन्होंने नाहन में एसएफआई की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और छात्रों पर हमले का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि सोलन में पिछले दो-तीन दिनों से कॉलेज परिसर से लेकर कोटला नाला तक एसएफआई कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ बदसलूकी की घटनाएं सामने आ रही थीं। उनके अनुसार, बाहरी लोगों द्वारा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ की गई बदसलूकी के बाद सोलन में तनाव की स्थिति बनी।
एसएफआई जिला सचिव ने कहा कि संगठन प्रदेश में फीस वृद्धि का विरोध कर रहा है। इसके अलावा सरदार पटेल विश्वविद्यालय में 186 प्रोफेसरों की नियुक्तियों को लेकर भी संगठन आंदोलनरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
साहिल जिंटा ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *