सोलन में पानी के 79 कनेक्शन कटे, 92 लाख रुपये की रिकवरी

सोलन। नगर निगम सोलन ने पानी के बिलों का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की ओर से चलाए जा रहे रिकवरी अभियान के तहत अब तक 79 जल कनेक्शन काटे जा चुके हैं, जबकि 92 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल की गई है। नगर निगम की सहायक अभियंता ई. अर्पना ठाकुर ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि बकाया बिलों की वसूली के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अर्पना ठाकुर ने बताया कि निगम द्वारा किए गए सर्वेक्षण में 1,383 जल कनेक्शन ऐसे पाए गए थे, जिनकी बिल राशि लंबे समय से लंबित थी। संबंधित उपभोक्ताओं को पहले नोटिस जारी कर भुगतान के लिए समय दिया गया। इसके बावजूद बिल जमा नहीं करवाने वालों के कनेक्शन नियमानुसार काटे जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर पांच से की गई थी। इसके बाद वार्ड 11, 14, दो और तीन में कार्रवाई की गई, जबकि वर्तमान में वार्ड नंबर 13 में अभियान चल रहा है। बकाया राशि जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन दोबारा बहाल भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के पास पानी के बिलों की कुल बकाया राशि करीब 3.3 करोड़ रुपये थी, जिसमें से अब तक 92 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। यह बकाया पिछले 15 से 20 वर्षों से जमा हो रहा था। कुछ उपभोक्ताओं पर चार से पांच लाख रुपये तक की राशि लंबित थी। अभियान के चलते लोगों में जागरूकता बढ़ी है और उपभोक्ता समय पर बिल जमा करवाने लगे हैं।
सहायक अभियंता ने कहा कि रिकवरी अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। निगम बिल भुगतान और नोटिस जारी करने की प्रक्रिया को स्वचालित करने की तैयारी भी कर रहा है, ताकि बकायेदारों को समय पर सूचना दी जा सके और भुगतान नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *