सोलन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी पुलिस गश्त

Dagshai Public School ragging allegations in Solan

शहर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने गश्त बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। एसपी सोलन टी. साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, स्कूलों के आसपास, व्यस्त बाजारों और रात के समय लोगों की आवाजाही वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है।
एसपी ने सदर पुलिस स्टेशन, महिला पुलिस स्टेशन और शहर की विभिन्न पुलिस चौकियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। महिला पुलिस स्टेशन को स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से गश्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा शाम के समय मॉल रोड पर भी महिला पुलिस की नियमित गश्त रहेगी।
सपूरन क्षेत्र में चिह्नित लावारिस इमारतों तथा शाम के समय लोगों और बच्चों के एकत्र होने वाले स्थानों पर भी पुलिस निगरानी रखेगी। सिटी चौकी को गंज बाजार, डालडा कॉलोनी और कसाई गली सहित अपने क्षेत्र में स्थित लावारिस इमारतों के आसपास शाम के समय नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस टीमों को भी मजबूत किया गया है। टीमों को अलग-अलग क्षेत्र आवंटित किए गए हैं और उन्हें अपनी शिफ्ट के दौरान संबंधित क्षेत्रों में दिन में कम से कम चार से पांच बार दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान पुलिस कर्मचारी स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी जुटाएंगे।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को शाम के समय स्वयं क्षेत्र में निकलकर गश्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, रात के समय लोगों की आवाजाही रहने तक सिटी चौकी की ओर से मॉल रोड पर लगातार गश्त जारी रहेगी।
हाईवे पेट्रोलिंग टीम को भी शहर के भीतर मौजूद रहकर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही नाइट आईओ को रात के समय चिह्नित क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नियमित गश्त और जनता से संवाद के माध्यम से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है। BITE – SP solan T. Sai Dattatreya varma IPS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *