सोलन में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत, नालियों की सफाई पर भी जोर

भारी बारिश के कारण सोलन शहर की कई सड़कों की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बनने और जलभराव से वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर एर. सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि मौसम साफ होते ही सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से जिन सड़कों की पहले मरम्मत की गई थी, लगातार हुई भारी बारिश के कारण उनमें दोबारा गड्ढे और अन्य तकनीकी दिक्कतें सामने आई हैं। मौसम अनुकूल रहा तो सड़कों पर रोड बाउंड डालकर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले एक से दो दिनों में प्रभावित सड़कों के गड्ढों को भरने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सड़कों पर जलभराव और नालियों के ओवरफ्लो होने के संबंध में उन्होंने कहा कि नालियों की सफाई और चैंबरों से कूड़ा हटाने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है। नालियों में कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो जाती है और बारिश के दौरान पानी सड़कों पर बहने लगता है। इससे न केवल जलभराव की समस्या पैदा होती है, बल्कि सड़कें भी क्षतिग्रस्त होती हैं।
एर. सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि नगर परिषद द्वारा नालियों और चैंबरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तो जलभराव की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद के स्तर पर समन्वय से शहर में लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकती है।
विभाग ने मौसम साफ रहने पर जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *