सोलन-सिरमौर के साढ़े तीन लाख उपभोक्ताओं को बीएसएनएल की सौगात, एक रुपये में सिम और 24 दिन तक निशुल्क सेवाएं

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने उपभोक्ताओं के लिए नई सुविधाओं और आकर्षक योजनाओं की घोषणा की है। सोलन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बीएसएनएल के महाप्रबंधक जसपाल सिंह ने कंपनी की नई योजनाओं की जानकारी दी।
जसपाल सिंह ने बताया कि नए प्लान के तहत उपभोक्ता मात्र एक रुपये में सिम प्राप्त कर सकेंगे। सिम लेने के बाद 24 दिनों तक विभिन्न सेवाएं निशुल्क उपलब्ध करवाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को बीएसएनएल की सेवाओं से जोड़ना और उपभोक्ताओं को बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि दुर्गम क्षेत्रों में संचार सुविधा को मजबूत करने के लिए सैटेलाइट फोन की सुविधा भी उपलब्ध करवाने की तैयारी है। इसका लाभ विशेष रूप से दुर्गम इलाकों में रहने वाले लोगों, ट्रैकर्स और ऐसे क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मिल सकेगा, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं रहता।
महाप्रबंधक ने कहा कि सोलन और सिरमौर जिले में करीब साढ़े तीन लाख उपभोक्ता बीएसएनएल की 4जी सेवाओं से जुड़ चुके हैं। कंपनी की ओर से नेटवर्क और अन्य सेवाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीएसएनएल का प्रयास है कि ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर संचार सुविधा पहुंचाई जाए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुरू की जा रही योजनाओं से उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ कंपनी के नेटवर्क का विस्तार भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *