स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में स्वतंत्रता सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों ने शुक्रवार को ओल्ड बस स्टैंड से ओल्ड डीसी ऑफिस तक भव्य तिरंगा यात्रा और रोड शो निकाला। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ यात्रा में भाग लिया।
तिरंगा यात्रा में तीसरी से पांचवीं तथा आठवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और उत्साह देखने को मिला। इस दौरान देशभक्ति से जुड़े नारों के साथ विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। साथ ही विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से अवगत करवाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
स्कूल के एमडी विपिन बक्शी और प्रधानाचार्य रुचिका बक्शी ने बताया कि स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग, वाद-विवाद, भाषण, नृत्य प्रस्तुति और स्लोगन लेखन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
स्कूल में शुक्रवार को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वहीं, शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।