सोलन: नगर निगम चुनावों के बीच सोलन में सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कांग्रेस शासित नगर निगम सोलन पर जनता की बुनियादी सुविधाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से ठीक पहले शहरवासियों को मटमैला और अशुद्ध पानी दिया जा रहा है, जिससे लोगों की सेहत खतरे में पड़ सकती है।
शैलेन्द्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पांच साल पहले मुफ्त पानी और फिर ₹100 में पानी देने का वादा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि लोगों को 5-6 दिन बाद पानी मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता को ‘रॉ वाटर’ पिलाया जा रहा है, जिससे हैजा और पीलिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के समय शुरू हुई 102 करोड़ की कसौली पेयजल योजना का अधिकांश काम पूरा हो चुका था, लेकिन कांग्रेस सरकार शेष कार्य पूरा नहीं कर पाई। साथ ही कूड़ा प्रबंधन में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत के बाद छह महीने में पानी और विकास व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखेगा।
सोलन में पानी पर सियासत गरम: भाजपा बोली- चुनाव से पहले जनता को ‘गंदा पानी’ पिला रही कांग्रेस