सोलन: वार्ड-5 में भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रियंका पांजा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, कांग्रेस पर साधा निशाना

नगर निगम सोलन चुनाव के मद्देनजर वार्ड नंबर-5 में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी डॉ. प्रियंका पांजा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम चुनाव प्रभारी संजीव कटवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने पार्टी की जीत को लेकर विश्वास व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजीव कटवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान जनता को झूठी गारंटियां देकर गुमराह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 24 घंटे पानी और स्वच्छ शहर के वादे आज धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। कटवाल के अनुसार, शहरवासियों को कई दिनों बाद पानी मिल रहा है, जबकि कूड़ा प्रबंधन की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि इससे आमजन, विशेषकर महिलाएं और बच्चे प्रभावित हो रहे हैं।
कटवाल ने कहा कि वार्ड नंबर-5 की जनता हमेशा भाजपा के साथ रही है और उन्हें पूरा भरोसा है कि इस बार भी पार्टी को समर्थन मिलेगा। उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा का हमेशा जनता से सीधा जुड़ाव रहा है।
उन्होंने विकास के लिए ‘ट्रिपल इंजन’ मॉडल की बात करते हुए कहा कि केंद्र, नगर निगम और भविष्य में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इस समन्वय से सोलन की पानी, कूड़ा प्रबंधन और अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
कटवाल ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी, जिससे विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

google.com, pub-5060528529274269, DIRECT, f08c47fec0942fa0