सोलन: जौनाजी रोड चौड़ीकरण बना लोगों के लिए मुसीबत, अवैध पार्किंग और धूल से बढ़ी परेशानी

सोलन शहर की जौनाजी रोड पर पिछले करीब तीन महीनों से चल रहा सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य अब स्थानीय निवासियों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनता जा रहा है। सड़क को चौड़ा करने का उद्देश्य क्षेत्र को जाम की समस्या से निजात दिलाना था, लेकिन मौजूदा हालात में लोगों को पहले से अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
जौनाजी निवासी पंकज कुमार दत्ता और जगदीश चंद ने बताया कि सड़क को चौड़ा करने के बावजूद लोग सड़क के दोनों किनारों पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क फिर से संकरी हो जाती है। उनका कहना है कि जब तक यातायात पुलिस द्वारा सख्ती से कार्रवाई नहीं की जाएगी और अवैध पार्किंग पर रोक नहीं लगेगी, तब तक सड़क चौड़ीकरण का वास्तविक लाभ जनता को नहीं मिल पाएगा।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के साथ-साथ पाइपलाइन बिछाने के कार्य में भी भारी अव्यवस्था का आरोप लगाया है। निवासियों के अनुसार पहले 6 इंच की पाइपलाइन के लिए खुदाई की गई, उसके बाद 8 इंच की पाइप डाली गई और अब सेना की पाइपलाइन के लिए दोबारा खुदाई हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते तो बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं पड़ती और जनता को इतनी परेशानी नहीं झेलनी पड़ती।
निर्माण कार्य के कारण क्षेत्र में धूल और कीचड़ की समस्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। उड़ती धूल के चलते लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है, वहीं घरों और वाहनों पर धूल की मोटी परत जम रही है। सड़क पर बिखरी गिट्टियों से वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा आई.पी.एच. पाइपलाइन फटने से सड़क पर कीचड़ फैल गया था, जिससे लोगों को पैदल चलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासियों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं। उन्होंने प्रशासन से स्थायी पार्किंग स्थल बनाने की मांग उठाई है। साथ ही लोक निर्माण विभाग, आई.पी.एच. विभाग और सेना के संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की है, ताकि करोड़ों की लागत से हो रहे सड़क सुधार कार्य का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *