सोलन नगर निगम बनने के बाद शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन वार्ड नंबर 8 के लोगों का कहना है कि आज भी क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। स्थानीय निवासियों ने निगम प्रशासन और पूर्व प्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कई समस्याएं उठाई हैं।
वार्ड निवासी जगदीश चंद्र ने बताया कि क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने वार्ड में बढ़ते नशे और असामाजिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की। साथ ही सार्वजनिक शौचालय और खराब सड़कों की समस्या को भी प्रमुख मुद्दा बताया।
वहीं पंकज कुमार दत्ता ने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में किए गए वादे धरातल पर पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान सस्ती पानी व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन और आवारा कुत्तों से राहत के बड़े दावे किए गए थे, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने अवैध पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि नो पार्किंग जोन में भी वाहन खड़े किए जा रहे हैं, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जनता ने चेतावनी दी है कि इस बार केवल काम करने वालों को ही समर्थन मिलेगा।
सोलन: नगर निगम सोलन के दावों की खुली पोल, वार्ड नंबर 8 के लोग मूलभूत सुविधाओं से परेशान