सोलन। सोलन-सुबाथू (स्पाटू-देवठी) मार्ग की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी रोष व्याप्त है। विभिन्न पंचायतों के प्रधानों, उपप्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क पर उड़ती धूल और भारी वाहनों की आवाजाही से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में टमाटर और सेब का सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन खराब सड़क के कारण किसानों को अपनी उपज सोलन मंडी तक पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है।
ग्राम पंचायत डांगरी के प्रधान भूपेंद्र ठाकुर, सपून की प्रधान सोमा देवी, देवठी की प्रधान रेखा तथा बीडीसी सदस्य भूपेंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभाग पर बार-बार आश्वासन देने के बावजूद कार्य शुरू नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ तो चारों पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीण लोक निर्माण विभाग और उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेंगे।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि विभाग सड़क की टायरिंग और पैचवर्क के लिए तैयार है, लेकिन डीजल की कमी के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि प्रशासन से डीजल उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है और आपूर्ति सामान्य होते ही अगले 15 से 20 दिनों के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान डांगरी, सपून, देवठी और तोपेड़ पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।