सोलन बाईपास पर खाई में गिरी कार, पेड़ से टकराने से टला बड़ा हादसा

सोलन बाईपास पर सब्जी मंडी के समीप मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से सनसनी फैल गई। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कार शिमला से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे बाईपास पर एक मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार पुल के किनारे से नीचे खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबराकर मौके की ओर दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अनियंत्रित कार पहले एक पेड़ से टकराई, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई। उनका कहना है कि यदि कार पेड़ से न टकराती तो नीचे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने यह भी बताया कि जिस स्थान के निकट दुर्घटना हुई, वहां अक्सर बच्चे खेलते हैं, लेकिन संयोगवश घटना के समय कोई बच्चा मौजूद नहीं था।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे युवक और युवती को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *