गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और उनके संरक्षण के लिए देशभर में चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान’ अभियान के तहत सोलन में भी हस्ताक्षर अभियान चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह जानकारी गौ रक्षा दल सोलन के प्रधान अमित अत्री ने दी।
उन्होंने बताया कि संत समाज के मार्गदर्शन में संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य गौ माता के कल्याण के लिए जनसमर्थन जुटाना है। अभियान के तहत गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने, उनकी सुरक्षा के लिए केंद्र स्तर पर सख्त कानून बनाने तथा देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है।
अमित अत्री ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए गौ रक्षा दल ने प्रशासन से अनुमति मांगी है। योजना के अनुसार सोलन के ऐतिहासिक शूलिनी माता मेले के दौरान शहर में चार स्थानों पर स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ने के साथ-साथ उनके हस्ताक्षर भी लिए जाएंगे।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि गौ संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और अधिक से अधिक लोगों को इस जनजागरण अभियान से जुड़ना चाहिए।