क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में संक्रमण नियंत्रण को लेकर इनफेक्शन कंट्रोल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम, साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सुधारों पर चर्चा की गई।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश पंवार ने बताया कि अस्पताल को कायाकल्प और एनक्वास (NQAS) के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। इसके तहत अस्पताल परिसर की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, जैव चिकित्सा कचरा प्रबंधन, हाथों की स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को संक्रमण नियंत्रण संबंधी निर्धारित प्रोटोकॉल का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल के विभिन्न विभागों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा संक्रमण की संभावनाओं को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. पंवार ने कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा करने के लिए सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार वातावरण उपलब्ध करवाया जाए। बैठक में अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं का आकलन करते हुए आवश्यक कमियों को दूर करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।