बरसात के मौसम में पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। सोलन जिले में मुंह-खुर रोग (एफएमडी) से बचाव के लिए निर्धारित 1,46,570 पशुओं के लक्ष्य में से अब तक 1,39,275 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। यह लक्ष्य का 95 फीसदी से अधिक है।
जिला पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि गलघोंटू बीमारी से बचाव के लिए भी जिले में करीब 80 प्रतिशत टीकाकरण कार्य पूरा हो चुका है। विभाग की टीमें लगातार फील्ड में जाकर पशुओं का टीकाकरण कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। पशु को टीका लगाने के तुरंत बाद फील्ड स्टाफ उसकी फोटो और लाइव जीपीएस लोकेशन वेब पोर्टल पर अपलोड कर रहा है। इसके अलावा पशुपालकों के मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन की व्यवस्था भी की गई है।
डॉ. लांबा ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाएं और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सा केंद्र से संपर्क किया जाए। विभाग का लक्ष्य जिले के सभी पात्र पशुओं को समय पर टीकाकरण सुविधा उपलब्ध करवाना है।
सोलन में पशुओं के टीकाकरण का अभियान तेज, एफएमडी के खिलाफ 95 फीसदी से अधिक टीकाकरण पूरा