जल शक्ति विभाग ने शहरी क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं को पानी की दरों में बड़ी राहत दी है। अब घरेलू उपभोक्ताओं से पानी की खपत के अनुसार अलग-अलग स्लैब में शुल्क नहीं लिया जाएगा। विभाग ने घरेलू पानी की दर 14 रुपये प्रति हजार लीटर तय की है। वहीं, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए यह दर 30 रुपये प्रति हजार लीटर निर्धारित की गई है। नई दरों के आधार पर अप्रैल से जुलाई तक के बिल जारी किए जा रहे हैं।
जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी ने बताया कि पहले घरेलू उपभोक्ताओं से 20 हजार लीटर तक 19.30 रुपये, 20 से 30 हजार लीटर तक 33.28 रुपये और 30 हजार लीटर से अधिक खपत पर 59.90 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से शुल्क लिया जाता था। अब खपत कितनी भी हो, घरेलू उपभोक्ताओं को 14 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से ही बिल देना होगा। जिले में सोलन, परवाणू, कंडाघाट, अर्की, नालागढ़ और बद्दी के करीब 3500 उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। यह सुविधा उन्हीं क्षेत्रों में लागू होगी, जहां जल शक्ति विभाग पानी की आपूर्ति करता है।
सोलन शहर की पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए गिरी और अश्वनी पेयजल योजनाओं के सुधार का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन दोनों योजनाओं पर करीब 26.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। गिरी योजना के लिए 18.50 करोड़ और अश्वनी योजना के लिए 8 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं। परियोजना को केंद्र की मंजूरी के लिए भेजा गया है और विश्व बैंक की सहायता से इसे पूरा करने की योजना है। अश्वनी योजना में इंफिल्ट्रेशन गैलरी बनाई जाएगी, जबकि गिरी योजना की पुरानी पाइपों को बदलकर नई पाइपें बिछाई जाएंगी।
वहीं, अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल समस्या दूर करने के लिए कोल डैम से पानी लिफ्ट करने की करीब 75 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। विधायक प्राथमिकता में शामिल इस योजना के तहत बेरल से दाड़लाघाट तक के क्षेत्रों को पानी उपलब्ध करवाने की योजना है। विभाग के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।