सोलन में मौसम की बेरुखी और मंदी की दोहरी मार, किसान-व्यापारी परेशान

बदलते मौसम और बाजार में छाई मंदी ने सोलन के किसानों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय व्यापारी कल्पना ठाकुर ने बताया कि मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश होने से खेती और कारोबार दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार बरसात का दौर अपेक्षाकृत कम रहा है। इसका सीधा असर शिमला मिर्च और टमाटर जैसी मौसमी फसलों पर पड़ा है। लगातार बारिश नहीं होने से किसानों को फसलों में नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, बरसात का पानी सर्दियों में भी जलस्रोतों और पेयजल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण रहता है। ऐसे में कम बारिश के कारण आने वाले समय में पानी की समस्या बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।
कल्पना ठाकुर ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। सही दाम मिलने से किसान खेती के प्रति उत्साहित रहेंगे और अगली फसल लगाने का हौसला भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितता का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ रहा है। बारिश कम होने से छातों की बिक्री प्रभावित हुई है, जबकि तेज धूप में टोपियों की मांग बढ़ती है। हालांकि इस बार बाजार में अपेक्षित रौनक नहीं है और व्यापार मंदा चल रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजार में दुकानों की संख्या बढ़ने से प्रतिस्पर्धा भी बढ़ी है। इसके बावजूद व्यापारी मुश्किल परिस्थितियों में अपना कारोबार चलाने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *