विकास खंड धर्मपुर कार्यालय में ‘मेरा परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बीपीएल परिवारों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में जिलाधीश ने भी विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने से उन्हें काफी लाभ हुआ।
ग्राम पंचायत सनवारा के योगेश कुमार ने कहा कि जिलाधीश द्वारा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत और पंचायत स्तर की समस्याएं सुनना सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता शिविर आयोजित करने की मांग की।
सनवारा पंचायत के मुंगोटी गांव की कृष्णा ने बताया कि शिविर के दौरान उन्हें ‘सहारा पेंशन योजना’ की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित, दिव्यांग बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों के लिए यह योजना काफी उपयोगी है।
चामिया पंचायत के दिव्यांग निवासी तीसराम ने बताया कि जिलाधीश ने उन्हें स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ लेने और निशुल्क उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की सलाह दी। वहीं बीपीएल परिवार से संबंधित मालती देवी ने बताया कि प्रशासन ने उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।
मालती देवी ने बताया कि आपदा के कारण उनका पुश्तैनी मकान ढह गया है, जिसमें दो बीपीएल परिवार रहते थे। उन्होंने मकान के पुनर्निर्माण के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की।
शिविर में विभागीय अधिकारियों ने पात्र लोगों को योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी तथा ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। BITE – योगेश कुमार ग्राम पंचायत sanwara, कृष्णा गाँव मंगोटी, ग्राम पंचायत चामिया मालती देवी, ग्राम पंचायत चामिया तीसराम