सोलन में बिजली खंभों पर लटकते तार बने खतरा, स्पार्किंग से मचा हड़कंप

सोलन: शहर में बिजली के खंभों पर फैला तारों का जाल अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। माल रोड से लेकर अंदरूनी बाजारों तक खंभों पर लटकती निजी कंपनियों की केबलें न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि बड़े हादसे की आशंका भी बढ़ा रही हैं।
हाल ही में दोपहर के समय बिजली तारों में अचानक स्पार्किंग होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर तुरंत पहुंचे और कुछ ही मिनटों में स्थिति को नियंत्रित कर लिया। इस दौरान किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली के खंभों पर एयरटेल, जियो सहित अन्य कंपनियों की केबलें अव्यवस्थित तरीके से लटकी हुई हैं, जिससे यह समस्या और गंभीर हो रही है। उन्होंने कहा कि हर खंभे के नीचे तारों का ढेर लगा है, जो न केवल देखने में खराब लगता है बल्कि खतरे को भी बढ़ाता है।
लोगों का कहना है कि बिजली की मुख्य तारों के साथ इन केबलों के उलझने से स्पार्किंग की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इसके अलावा, यह अव्यवस्था शहर की छवि को भी प्रभावित कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि खंभों पर लटकती अतिरिक्त केबलों को हटाया जाए और निजी कंपनियों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाएं, ताकि शहर को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *