सोलन में टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जांच बढ़ाने के निर्देश

सोलन। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में आयोजित मासिक टीबी समीक्षा बैठक में जिले में टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को टीबी की पहचान और रोकथाम के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।
डॉ. पाठक ने दिसंबर से पहले टीबी जांच की संख्या बढ़ाने और एक्टिव केस फाइंडिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वाले परिवार के सदस्यों की पहचान के लिए सीएचओ, आशा कार्यकर्ता और टीबी विभाग की टीम घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेगी। जरूरत के अनुसार मरीजों की जांच और उपचार किया जाएगा, जबकि स्वस्थ संपर्कों को टीबी से बचाव की दवा दी जाएगी।
उन्होंने टीबी मरीजों की एचआईवी, शुगर, लिवर और किडनी की जांच अनिवार्य रूप से करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि 14 दिन से अधिक खांसी, बुखार, रात को पसीना, कमजोरी या भूख में कमी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *