सोलन। विद्यार्थियों में कृषि आधारित कौशल विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोलन में ढींगरी (ऑयस्टर) मशरूम की खेती पर कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें सरकारी पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों और कृषि विषय के व्यावसायिक प्रशिक्षकों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।
यह प्रशिक्षण कार्यालय उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा (डीडीएसई), सोलन की ओर से आईसीएआर-मशरूम अनुसंधान निदेशालय, चंबाघाट में आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 23, 25 और 27 नवंबर को तीन बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उगाने की वैज्ञानिक विधि, आवश्यक वातावरण तैयार करने, कच्चे माल के चयन, उत्पादन प्रक्रिया और फसल के रखरखाव के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। साथ ही मशरूम के पोषण संबंधी महत्व और बाजार में इसकी मांग के बारे में भी बताया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में कृषि आधारित स्वरोजगार और उद्यमिता को अपना सकें।
कार्यक्रम को समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश, शिमला की ओर से वित्तीय सहयोग दिया जा रहा है, जबकि आईसीएआर-मशरूम अनुसंधान निदेशालय तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहा है।