सोलन। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ की ओर से 29 नवंबर को सोलन में प्रदेश स्तरीय सहकार दिवस सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में प्रदेशभर से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े 600 से 800 से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलरिया ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन भी विशेष रूप से शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण भी किया जाएगा।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोलन के शगुंड होटल में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए गठित 13 समितियों के प्रमुखों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गुलरिया ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह लगातार प्रयास कर रहे हैं। यह उनका महत्वाकांक्षी क्षेत्र है। हिमाचल प्रदेश में भी सहकारिता को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ताओं को एक मंच पर आने और इस क्षेत्र की प्रगति पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।