सोलन मंडी में सेब के अच्छे दाम, ओलावृष्टि से किसानों को दोहरी मार: करसोग के किसान संजय ठाकुर

सोलन फल एवं सब्जी मंडी में सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बागवान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में करसोग तहसील के बनोवा गांव निवासी किसान संजय ठाकुर करीब 200 पेटियां सेब लेकर मंडी पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस बार बाजार में सेब के दाम संतोषजनक मिल रहे हैं, जिससे किसानों को राहत मिली है।
संजय ठाकुर ने बताया कि मंडी में रेड गोल्डन सेब 1200 से 1400 रुपये प्रति पेटी के भाव बिक रहा है, जबकि रॉयल किस्म के सेब को 2200 रुपये तक का मूल्य मिल रहा है। उनका कहना है कि अच्छी गुणवत्ता वाले सेब को बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिससे बागवानों का उत्साह बढ़ा है।
हालांकि उन्होंने बताया कि इस वर्ष मौसम ने किसानों की मुश्किलें भी बढ़ाई हैं। ओलावृष्टि के कारण फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ है। उन्होंने चिंता जताई कि ओलों की मार से केवल इस वर्ष की फसल ही नहीं, बल्कि पेड़ों की कलियों (बड) को भी नुकसान पहुंचा है, जिसका असर अगले वर्ष की पैदावार पर पड़ सकता है।
संजय ठाकुर पिछले 15 से 18 वर्षों से सोलन मंडी में अपनी फसल बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि बारिश के कारण मंडी में कामकाज प्रभावित हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में सेब के अच्छे दाम मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बागवानी में मेहनत और गुणवत्ता का विशेष महत्व है तथा जो किसान अपनी फसल की सही देखभाल करते हैं, उन्हें बाजार में बेहतर मूल्य अवश्य मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *