जिला सोलन की मंडियों में इन दिनों लहसुन के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोलन के समीपवर्ती गांव बनहेर निवासी किसान परितपाल ने मंडी में लहसुन की मौजूदा स्थिति और अपनी फसल के अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष उन्होंने लगभग दो कट्टे लहसुन की बिजाई की थी। उन्होंने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद फसल की गुणवत्ता संतोषजनक रही है।
किसान परितपाल के अनुसार, कुछ दिन पहले तक लहसुन के दाम मंडी में 160 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए थे, लेकिन बुधवार को कीमतों में गिरावट दर्ज की गई और भाव करीब 137 रुपये प्रति किलो रहा। हालांकि दामों में आई इस कमी से किसानों को कुछ चिंता जरूर है, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बाजार में फिर तेजी देखने को मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि इस बार मौसम का असर फसलों पर साफ तौर पर देखने को मिला है। विशेषकर सिरमौर क्षेत्र में बारिश और बदलते मौसम के कारण लहसुन की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। कई किसानों की पैदावार प्रभावित हुई है, जिससे उत्पादन में कमी आई है।
इसके बावजूद किसानों में संतोष का माहौल है। परितपाल ने कहा कि इस बार लगाया गया बीज अच्छी गुणवत्ता का था, जिसकी वजह से पैदावार अपेक्षाकृत बेहतर रही। किसानों को उम्मीद है कि बाजार में लहसुन के उचित दाम मिलने से उनकी मेहनत सफल होगी और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।