सोलन: राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, योगदान को किया याद

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को जिला कांग्रेस द्वारा कांग्रेस भवन सोलन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में जोगिंद्र बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि 1991 में तमिलनाडु में हुए आत्मघाती हमले में देश ने एक दूरदर्शी नेता को खो दिया था।
मुकेश शर्मा ने कहा कि भारत में कंप्यूटर युग, सूचना क्रांति और टेलीकॉम क्षेत्र के विस्तार का श्रेय राजीव गांधी की दूरगामी सोच को जाता है। उन्होंने युवाओं को राजनीति में भागीदारी देने के उद्देश्य से मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने के साथ महिलाओं को अधिक अधिकार देने की दिशा में भी कार्य किया। शिक्षा नीति में किए गए सुधारों के कारण देश के युवाओं को नई दिशा मिली।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *