सोलन: कसौली की 13 पंचायतों में विकास का नया विजन लेकर मैदान में उतरे पंकज शर्मा

जिला परिषद वार्ड टकसाल से प्रत्याशी पंकज शर्मा ने चुनावी जनसंपर्क अभियान को तेज करते हुए क्षेत्र की 13 पंचायतों में विकास को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया है। नारी पंचायत के पूर्व निर्विरोध उप-प्रधान रह चुके पंकज शर्मा ने दावा किया कि यदि जनता उन्हें जिला परिषद सदस्य के रूप में मौका देती है तो वे पूरे क्षेत्र को विकास का एक आदर्श मॉडल बनाएंगे।
पंकज शर्मा ने कहा कि नारी पंचायत में उनके कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों की बदौलत ही लोगों का विश्वास लगातार उनके साथ जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और उनका त्वरित समाधान करवाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क और पेयजल की समस्याएं सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। सड़कों की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाने और यातायात सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए पंकज शर्मा ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए क्षेत्र में खेल मैदान विकसित करवाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय होटलों और औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए संघर्ष करने का भरोसा भी दिलाया।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से समर्थन और आशीर्वाद देने की अपील करते हुए कहा कि जनता का सहयोग मिला तो विकास के हर वादे को जमीन पर उतारा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *