सोलन से कांग्रेस के प्रदेशव्यापी दौरे का आगाज, रजनी पाटिल ने संगठन और सरकार के कामकाज पर रखी बात

सोलन। कांग्रेस की हिमाचल प्रभारी रजनी पाटिल ने गुरुवार को सोलन में जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेशव्यापी संगठनात्मक दौरे की शुरुआत की। उनका सोलन दौरा पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पदाधिकारियों से सीधा फीडबैक लेने की कवायद का हिस्सा है। 24 सितंबर को सोलन में बैठक के बाद 25 सितंबर को शिमला में प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
पत्रकारों से बातचीत में रजनी पाटिल ने प्रदेश सरकार की ओर से चुनावी घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना की बहाली कांग्रेस सरकार के प्रमुख वादों में शामिल थी और इसे लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे को भी इस वर्ष पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके अलावा दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी और अनाथ बच्चों के लिए सुख-आश्रय योजना को सरकार की प्रमुख पहलों में बताया।
रजनी पाटिल ने स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में रोबोटिक तकनीक के माध्यम से उपचार और ऑपरेशन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। सोलन में होने वाली संगठनात्मक बैठकों में जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा भी की जा रही है। हालिया कार्यक्रम के अनुसार संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से पिछले कुछ महीनों की गतिविधियों का विवरण लिया जा रहा है।
केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर भी रजनी पाटिल ने कांग्रेस के रुख को सामने रखा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान चलाया है और आगे भी जन आंदोलन के माध्यम से अपना विरोध दर्ज करवाएगी। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *