सोलन। कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) सोलन के सचिव राघव सूद ने चालू विपणन सीजन के दौरान मंडी में स्थानीय सब्जियों की आवक को लेकर आंकड़े साझा किए हैं। इस सीजन में टमाटर, शिमला मिर्च और फ्रेंच बीन्स की आवक में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि खराब मौसम के कारण हरे मटर की आवक में कमी आई है।
मंडी सचिव के अनुसार इस वर्ष सोलन मंडी में अब तक 4,22,330 क्रेट टमाटर पहुंच चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष 3,76,396 बॉक्स की आवक दर्ज की गई थी। आवक अधिक होने के बावजूद इस बार टमाटर उत्पादकों को अपेक्षित दाम नहीं मिल सके। इसके पीछे अन्य मंडियों में अधिक उत्पादन को प्रमुख कारण बताया गया। अधिक आपूर्ति के चलते सोलन के टमाटर पर बाजार दबाव रहा और इसका सीजन भी अपेक्षाकृत जल्दी समाप्त हो गया।
शिमला मिर्च की आवक में भी इस वर्ष करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले वर्ष सोलन मंडी में 10,145 क्विंटल शिमला मिर्च पहुंची थी, जबकि इस साल अब तक 12,406 क्विंटल की आवक हो चुकी है। इसी तरह फ्रेंच बीन्स की आवक में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष 9,768 क्विंटल के मुकाबले इस वर्ष 17,358 क्विंटल फ्रेंच बीन्स मंडी पहुंची है।
लहसुन की आवक में भी इस सीजन में बड़ा अंतर दर्ज किया गया है। मंडी में अब तक 44,383 क्विंटल लहसुन पहुंच चुका है, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 3,811 क्विंटल था।
वहीं, हरे मटर की आवक में इस वर्ष गिरावट आई है। राघव सूद के अनुसार मार्च-अप्रैल से मई के शुरुआती सीजन में खराब मौसम का असर मटर की फसल पर पड़ा। इस कारण सोलन मंडी में इस वर्ष 17,696 क्विंटल मटर की आवक हुई, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 26,260 क्विंटल था। आंकड़े बताते हैं कि मौसम और बाजार की परिस्थितियों का विभिन्न सब्जियों के उत्पादन और आवक पर अलग-अलग असर पड़ा है।