सोलन। शहर में गहराते पेयजल संकट और बदहाल सफाई व्यवस्था के विरोध में नागरिक सभा सोलन ने नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा के सदस्यों ने नगर निगम के संयुक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई। सभा ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो शहरवासियों को साथ लेकर बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
नागरिक सभा सोलन के सह-संयोजक संजय ने कहा कि शहर में पिछले पांच से छह महीनों से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। लोगों को छह से आठ दिन के अंतराल पर पानी मिल रहा है। इससे कामगारों, कॉलेज विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि इससे पहले नागरिक सभा ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया था। उस दौरान महापौर ने तीन से चार दिनों के भीतर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। इससे शहरवासियों में नाराजगी बढ़ रही है।
सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संजय ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। डस्टबिन से समय पर कचरा नहीं उठाया जा रहा है। घरों से एकत्रित किया गया कचरा भी डस्टबिन के आसपास छोड़ दिया जाता है, जिसे आवारा कुत्ते इधर-उधर बिखेर देते हैं। उन्होंने मांग की कि कचरे को सीधे उठाकर उचित स्थान पर निस्तारित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस या भाजपा, किसी भी दल की सत्ता रही हो, समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। नागरिक सभा ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। BITE – नागरिक सभा सोलन सहसंयोजक संजय