सोलन। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) के लिए संवेदीकरण एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य स्वास्थ्य अधिकारियों को टीबी नियंत्रण सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित करना और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि सीएचओ स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों के संपर्क में सबसे पहले रहते हैं। ऐसे में टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर उनके सैंपल एकत्रित करने और जांच के लिए भेजने में उनकी अहम भूमिका है। टीबी की पुष्टि होने पर मरीज का पूरा उपचार सुनिश्चित करने के साथ उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करने और जरूरत के अनुसार टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट देने पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में गैर-संचारी रोगों जैसे उच्च रक्तचाप और मधुमेह की समय पर पहचान के लिए स्क्रीनिंग और नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने कहा कि इन बीमारियों की समय रहते पहचान होने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है।
इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाने और एनक्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के तहत मान्यता प्राप्त करने पर भी चर्चा की गई। सीएचओ को अपना चिकित्सकीय ज्ञान नियमित रूप से अपडेट रखने और आशा कार्यकर्ताओं को भी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए गर्भवती महिलाओं का शुरुआती पंजीकरण और हाई रिस्क प्रेगनेंसी की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। गर्भवती महिलाओं में हीमोग्लोबिन स्तर, रक्तचाप और मधुमेह की जांच पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखा जा सके।
सोलन : सीएमओ ने सीएचओ को दिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश, टीबी नियंत्रण और मातृ-शिशु सुरक्षा पर जोर