सोलन के नाले में अवैध डंपिंग से बनी 100 मीटर लंबी झील, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सोलन। शहर में प्राकृतिक नालों और जलस्रोतों में अवैध डंपिंग का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। प्रशासन और नगर निगम की कथित लापरवाही के चलते सब्जी मंडी के साथ लगते क्षेत्र में ठेकेदारों द्वारा बड़े पैमाने पर मिट्टी और मलबा नाले में फेंका जा रहा है। इससे नाले का प्राकृतिक जल प्रवाह बाधित हो गया है और यहां करीब 100 मीटर लंबी झील बन गई है। इस स्थिति ने आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी अवैध डंपिंग के कारण दो मासूम बच्चों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल आते-जाते हैं। ऐसे में नाले में जमा पानी और मिट्टी के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि जब इस मामले को नगर निगम के ध्यान में लाया गया तो अधिकारियों की ओर से इसके संज्ञान में न होने की बात कही गई। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि शहर में खुलेआम हो रही डंपिंग पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी किस विभाग की है। नालों में लगातार मिट्टी और मलबा डाले जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी न होना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ठेकेदार बेखौफ होकर प्राकृतिक नालों को मिट्टी से भर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने उपायुक्त सोलन से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने, अवैध डंपिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नाले से मलबा हटाकर पानी का प्राकृतिक बहाव बहाल करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह झील भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन को किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल कदम उठाने चाहिए। BITE – Man Mohan Sharma , राजेश कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *