सोलन : ठोडो मैदान से बिंदल का कांग्रेस सरकार पर हमला, बोले- झूठी गारंटियों से जनता हुई निराश

नभाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान से कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी गारंटियों, बिजली दरों, रोजगार और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, जिसमें 67 हजार रिक्त पद भरने और 33 हजार नए पद सृजित करने की बात कही गई थी। चार साल बीतने के बावजूद प्रदेश के युवा इन नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पांच लाख रोजगार देने की गारंटी को भी खोखला बताया।
महिला सम्मान निधि को लेकर बिंदल ने कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन यह गारंटी भी पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, जबकि लोगों को बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है। बिंदल ने दावा किया कि कई परिवारों को हजारों रुपये के बिल मिल रहे हैं और इस मुद्दे को लेकर वह जल्द हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अपराध और नशे से जुड़े मामले बढ़ रहे हैं तथा माफिया बेखौफ हैं। कंगना रनौत के अधिकारियों से कथित व्यवहार को लेकर कांग्रेस की आलोचना पर भी बिंदल ने पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में प्रवेश कर चुकी है और जनता कांग्रेस की गारंटियों की वास्तविकता समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करेगी। BITE – डॉ राजीव बिंदल प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *