सोलन : डांगरी सड़क की बदहाली पर ग्राम प्रधान भूपेंद्र ठाकुर नाराज, सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी

ग्राम पंचायत डांगरी के प्रधान भूपेंद्र ठाकुर ने पंचायत क्षेत्र की मुख्य सड़क की खस्ताहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रशासन और प्रदेश सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है, लेकिन बार-बार अवगत करवाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
भूपेंद्र ठाकुर के अनुसार, सड़क की स्थिति सुधारने को लेकर प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए। समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों को धरना-प्रदर्शन तक करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद सड़क पर मिट्टी बिछाने का काम किया गया, जिस पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन पहली ही बारिश में मिट्टी बह गई और सड़क दोबारा गहरे गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में क्षेत्र में टमाटर का सीजन चरम पर है। खराब सड़क के कारण किसानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में अधिक समय लग रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी इस समस्या से अवगत करवाया गया था और टमाटर सीजन को देखते हुए सड़क को जल्द दुरुस्त करने की मांग की गई थी।
ग्राम प्रधान ने कहा कि सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी सड़क खतरनाक बनी हुई है और आए दिन वाहन फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
भूपेंद्र ठाकुर ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मांग की कि सड़क की स्थिति का मौके पर निरीक्षण कर स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी करने के बजाय सड़क का उचित निर्माण और मरम्मत कार्य करवाया जाए, ताकि ग्रामीणों और किसानों को राहत मिल सके। BITE – भूपेंद्र ठाकुर प्रधान डांगरी पंचायत सोलन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *