सोलन। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सोलन बाईपास स्थित साईं एक्वा मशीन एंड बिल्डर द्वारा सातवें प्रगतिशील किसान अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोलन, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों के 51 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
संस्था के प्रबंध निदेशक कार्तिक शर्मा ने बताया कि उनकी फर्म चार जिलों के किसानों को आधुनिक कृषि मशीनें उपलब्ध करवा रही है। संस्था अब तक 350 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि डेनमार्क की टेक्सस कंपनी के सहयोग से किसानों को किफायती दामों पर उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उपकरण गारंटी सहित उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सुबाथू के गदो गांव निवासी प्रगतिशील किसान ज्ञान ठाकुर ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से खेतीबाड़ी से जुड़ा है। पिछले आठ वर्षों से वह आधुनिक कृषि तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने पावर टिलर, घास काटने की मशीन और आरा जैसे उपकरण अपनाए हैं, जिससे खेती का काम आसान हुआ है।
वहीं, कंडाघाट की कोड़ी पंचायत निवासी किसान विजेंद्र मोहन ने बताया कि उन्होंने 15 वर्ष पहले नौ हॉर्स पावर की मशीन खरीदी थी, जो आज भी बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कंपनी की होम सर्विस और मरम्मत सुविधाओं की सराहना की।
विजेंद्र मोहन ने कृषि विभाग के आत्मा प्रोजेक्ट से मिली जानकारी साझा करते हुए किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य बताई गई है। कार्यक्रम में किसानों ने आधुनिक मशीनों से समय और श्रम की बचत होने की बात कही।