सोलन के वार्ड नंबर 5 में लगेंगे 40 सीसीटीवी कैमरे, नशे और आपराधिक गतिविधियों पर लगेगी लगाम

सोलन। शहर के वार्ड नंबर 5 में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, चोरी और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। वार्ड की पार्षद डॉ. प्रियंका पांजा की पहल पर क्षेत्र में 38 से 40 सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पुलिस प्रशासन और संबंधित कंपनी की टीम ने सर्वे पूरा कर कैमरे लगाने के स्थान चिह्नित कर लिए हैं।
पार्षद डॉ. प्रियंका पांजा ने बताया कि वार्ड में लगातार सामने आ रही चोरी, हिंसा और नशे से जुड़ी गतिविधियों को देखते हुए एसपी कार्यालय को आवेदन दिया गया था। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए क्षेत्र का सर्वे करवाया। उन्होंने बताया कि कसाई गली, कुआं मोहल्ला, मोहन कॉलोनी और लोअर बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कसाई गली क्षेत्र में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यहां स्थित एक पुरानी इमारत में असामाजिक तत्वों के एकत्र होने और नशाखोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। पूर्व में यहां नशा करते हुए कुछ युवकों को पकड़ा भी गया था। इसके अलावा अग्रवाल सभा के समीप कुआं मोहल्ला और मोहन कॉलोनी को भी प्राथमिकता दी गई है।
पार्षद ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगने से देर रात और सुबह के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी। पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद दूसरे चरण में डाकघर से आगे के क्षेत्रों और पार्कों में भी कैमरे लगाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *