सोलन में तंबाकू मुक्त युवा अभियान शुरू, स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री पर रहेगी सख्ती

सोलन। स्वास्थ्य विभाग सोलन ने युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए दो महीने के विशेष तंबाकू मुक्त युवा अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि अभियान के शुभारंभ पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को तंबाकू सेवन के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि अभियान के तहत जिले के सभी स्कूलों को तंबाकू मुक्त बनाने पर विशेष जोर रहेगा। स्कूल परिसरों में जागरूकता सामग्री लगाई जाएगी और विद्यार्थियों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी जाएगी। स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में तंबाकू मुक्त पंचायतें बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। बीड़ी-सिगरेट बेचने वाले दुकानदारों के लिए लाइसेंसिंग व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव के माध्यम से लाइसेंस जारी किए जाएंगे। खुली बीड़ी-सिगरेट की बिक्री पर भी सख्ती बरती जाएगी।
डॉ. पाठक ने कहा कि धूम्रपान से कैंसर, हृदय रोग, लकवा, फेफड़ों की बीमारियों और गैंगरीन जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ता है। उन्होंने चेताया कि सिगरेट का सेवन युवाओं को अन्य नशीले पदार्थों की ओर भी धकेल सकता है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के सामने धूम्रपान नहीं करने की अपील की। साथ ही कहा कि पैसिव स्मोकिंग से आसपास मौजूद लोगों के स्वास्थ्य को भी नुकसान पहुंचता है। अभियान के दौरान युवाओं और आम जनता को तंबाकू के खतरों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *