सोलन । भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के स्थापना दिवस के अवसर पर सोलन के महाप्रबंधक जसपाल सिंह (आईईएस) ने सोलन और सिरमौर जिलों में डिजिटल कनेक्टिविटी और नेटवर्क विस्तार को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दोनों जिलों में ग्रामीण क्षेत्रों तक संचार सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की डिजिटल भारत निधि परियोजना के तहत सोलन और सिरमौर में करीब 130 मोबाइल साइट्स उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अलावा शहरों में 4जी और 5जी सेवाओं के तेजी से विस्तार के लिए अन्य ऑपरेटरों के साथ साइट साझा कर सेवाएं शुरू की गई हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने के लिए सोलन और सिरमौर की करीब 150 ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर केबल के रिंग नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है। करीब 30 स्थानों पर ओएलटी स्थापित किए गए हैं, जहां से उपभोक्ताओं को फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) और वाई-फाई सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अगले एक वर्ष के भीतर संबंधित सभी पंचायतों में यह सुविधा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
बीएसएनएल की ओर से ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए विशेष सुविधा भी दी जा रही है। किसी ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी गांव से कम से कम पांच कनेक्शनों की मांग मिलने पर भारत सरकार के खर्च से ऑप्टिकल फाइबर बिछाई जाएगी। उपभोक्ताओं से इंस्टॉलेशन शुल्क नहीं लिया जाएगा और मॉडेम भी मुफ्त उपलब्ध करवाया जाएगा। उपभोक्ताओं को केवल निर्धारित मासिक प्लान का भुगतान करना होगा।
महाप्रबंधक ने बताया कि बीएसएनएल के मोबाइल और ब्रॉडबैंड प्लान किफायती हैं। उन्होंने लोगों से उपलब्ध सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सोलन-सिरमौर की 150 पंचायतें ऑप्टिकल फाइबर से जुड़ीं, गांवों में मिलेगी हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा