सोलन : बीन के दाम नरम, शिमला मिर्च में गुणवत्ता के हिसाब से भाव

सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों सब्जियों के भाव में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मंडी स्थित दुकान नंबर 9 के मालिक राकेश शर्मा के अनुसार उत्तराखंड से बीन की भारी आवक के चलते इसके दाम अपेक्षाकृत नरम चल रहे हैं। वहीं शिमला मिर्च के भाव में गुणवत्ता के आधार पर काफी अंतर देखने को मिल रहा है। टमाटर के दाम फिलहाल स्थिर रहने की संभावना जताई जा रही है।
राकेश शर्मा ने बताया कि मंडी में बीन के भाव 15 से 35-36 रुपये प्रति किलो तक चल रहे हैं। देहरादून और उत्तराखंड के अन्य क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में बीन मंडी पहुंचने के कारण बाजार पर दबाव बना हुआ है। इसके अलावा फसल में थ्रिप्स और अन्य बीमारियों के प्रकोप से गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है। हालांकि 30 रुपये प्रति किलो से अधिक भाव मिलने पर किसानों को कुछ हद तक लागत निकालने में मदद मिल रही है।
शिमला मिर्च के भाव भी गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग हैं। हल्की और चिप्स क्वालिटी की शिमला मिर्च 5 से 10 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है, जबकि बढ़िया गुणवत्ता वाली शिमला मिर्च को 40 से 41 रुपये प्रति किलो तक भाव मिल रहा है।
मंडी में टमाटर के भाव 150 से 700 रुपये प्रति क्रेट के बीच बने हुए हैं। हाइब्रिड टमाटर 450 से 500 रुपये और हिम सोना टमाटर 650 से 700 रुपये प्रति क्रेट तक बिक रहा है। अक्टूबर की शुरुआत में मौसम में बढ़ी ठंडक का असर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में टमाटर की पकने की प्रक्रिया पर पड़ा है। इसके चलते अच्छी गुणवत्ता वाला टमाटर सप्ताह में सीमित दिनों में ही पर्याप्त मात्रा में मंडी पहुंच रहा है।
मंडी कारोबारियों के अनुसार स्थानीय और चंडीगढ़ के परचून बाजारों से लगातार मांग बनी रहने के कारण आगामी दिनों में टमाटर के भाव में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना कम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *