सोलन : डिप्टी मेयर गौरव राजपूत का पलटवार, कूड़ा शुल्क बढ़ोतरी पर दी सफाई

सोलन। नगर निगम सोलन के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने उनके खिलाफ हाल ही में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों और टिप्पणियों पर पलटवार किया है। उन्होंने विरोधियों को अपने गिरेबान में झांकने की सलाह देते हुए कहा कि करीब दो वर्ष पहले उन्होंने भी भाजपा के साथ मिलकर नगर निगम का मेयर बनाने में सहयोग किया था।
अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करते हुए गौरव राजपूत ने कहा कि तत्कालीन परिस्थितियों के चलते उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ना पड़ा था। चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया और उन्होंने भी भाजपा का साथ दिया। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक जड़ें शुरू से भाजपा से जुड़ी रही हैं, हालांकि मौजूदा कार्यकाल में उनका पद अगले पांच वर्षों तक निर्दलीय के रूप में ही रहेगा।
कूड़ा उठाने के शुल्क को लेकर उठ रहे सवालों पर डिप्टी मेयर ने कहा कि नगर निगम हाउस में पहले 120 रुपये मासिक शुल्क का प्रस्ताव रखा गया था। इस पर कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय पार्षदों ने चर्चा की और सर्वसम्मति से इसे घटाकर 80 रुपये प्रति माह किया गया। उन्होंने कहा कि 80 रुपये प्रतिमाह का शुल्क प्रतिदिन करीब 2.60 रुपये बैठता है। उनके अनुसार पिछले करीब नौ वर्षों से कूड़ा शुल्क में बढ़ोतरी नहीं की गई थी।
नगर निगम के बजट को लेकर उन्होंने कहा कि बजट सभी सदस्यों की सहमति से पारित किया गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि निगम को वर्तमान में कुछ वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निगम अपने स्तर पर संसाधन जुटाने के प्रयास कर रहा है। साथ ही शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने के लिए उन्होंने राज्य सरकार से अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *