चंडीगढ़-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोलन के रबोन बाईपास टनल के समीप बुधवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
घायलों की पहचान करन और सतेंदर के रूप में हुई है। दोनों शिमला स्थित एजी ऑफिस में कार्यरत बताए जा रहे हैं। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किए जाने की तैयारी भी की जा रही है।
इसी दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी उसी मार्ग से गुजर रहे थे। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय डॉ. बिंदल ने गंभीर रूप से घायल युवकों को अपनी निजी गाड़ी में बैठाकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका।
भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी डॉ. राजीव बिंदल ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन से बातचीत कर घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में समय पर मिली सहायता से घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि क्षेत्र के लोगों ने समय पर राहत कार्य में सहयोग देने वालों की सराहना की।