राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष 27 अगस्त को ‘युवा कनेक्ट स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला यूथ ऑफिसर भूपेंद्र सिंह गिल ने बताया कि कार्यक्रम को ‘खेलो इंडिया संवाद’ के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री देशभर के युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं और खेलों को बढ़ावा देना तथा वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में भारतीय युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके तहत सोलन जिले में तीन स्थानों पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इनमें शूलिनी यूनिवर्सिटी, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज धर्मपुर और अल्पाइन पीई कॉलेज नालागढ़ शामिल हैं।
भूपेंद्र सिंह गिल ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद करीब 15 मिनट का विशेष ‘युवा संवाद’ आयोजित किया जाएगा। इसमें स्थानीय युवाओं को जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से बातचीत करने और उनके अनुभव जानने का अवसर मिलेगा। इसके लिए बैडमिंटन और फुटबॉल से जुड़े स्थानीय खिलाड़ियों की पहचान की गई है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ (VBYLD) के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है। उन्होंने सोलन जिले के युवाओं से इस पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और पंजीकरण करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को खेलों के साथ नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। BITE – भुपेंद्र सिंह गिल जिला यूथ ऑफिसर
सोलन में 27 अगस्त को होगा ‘युवा कनेक्ट स्पोर्ट्स एडिशन’, प्रधानमंत्री करेंगे युवाओं से संवाद