भगवान विश्वकर्मा पूजा दिवस के अवसर पर विश्वकर्मा समाज सोलन की ओर से 17 सितंबर को पूजा उत्सव और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर समिति की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में विश्वकर्मा समाज से जुड़े लोगों सहित शहरवासी और श्रद्धालु भाग लेंगे।
विश्वकर्मा समाज सोलन के अध्यक्ष राम कृपा यादव ने बताया कि समिति के सदस्यों और मजदूर साथियों की ओर से पिछले 10 वर्षों से लगातार भगवान विश्वकर्मा की पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष पूजा-अर्चना के साथ भंडारे का आयोजन भी किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सभी साथियों के सहयोग और भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आह्वान किया गया है।
राम कृपा यादव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प और तकनीकी कार्यों का देवता माना जाता है। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विभिन्न कार्यों से जुड़े श्रमिक और कारीगर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर अपने कार्यों में सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि समिति का प्रयास है कि समाज के सभी लोग मिलजुलकर इस पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएं।
उन्होंने सोलन शहर के समस्त निवासियों और श्रद्धालुओं से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों, समिति के सदस्यों और मजदूर साथियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के सहयोग से पिछले एक दशक से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है और भविष्य में भी इसे इसी तरह जारी रखने का प्रयास रहेगा। BITE विश्वकर्मा पूजाराम किरपा यादव अध्यक्ष विश्वकर्मा समाज सोलन