सोलन में एचआईवी/एड्स जागरूकता के लिए दो माह का विशेष अभियान शुरू

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोलन जिले में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए दो माह का विशेष अभियान शुरू किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि अभियान 12 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों के माध्यम से लोगों को एचआईवी संक्रमण से बचाव और जांच के प्रति जागरूक किया जाएगा।
डॉ. पाठक ने बताया कि असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित रक्त तथा संक्रमित सुई के इस्तेमाल से एचआईवी संक्रमण का खतरा बढ़ता है। विशेष रूप से इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वाले लोगों को एक ही सिरिंज साझा न करने के लिए जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि एचआईवी से जुड़ा सामाजिक भेदभाव और झिझक खत्म करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। जोखिम वाले लोगों को समय पर जांच करवाने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि समय पर एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (ART) शुरू होने पर संक्रमित व्यक्ति सामान्य जीवन जी सकता है।
अभियान के शुभारंभ पर जागरूकता रैली भी निकाली गई। लोगों की सुविधा के लिए एक क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसके माध्यम से वे घर बैठे स्व-मूल्यांकन कर सकते हैं। जिले में एचआईवी नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर स्थिति होने की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान ट्रक चालकों, प्रवासी मजदूरों और अन्य उच्च जोखिम वाले समूहों के बीच विशेष जांच शिविर लगाए जाएंगे। स्कूलों और कॉलेजों में रेड रिबन क्लबों के माध्यम से क्विज, पोस्टर निर्माण, वाद-विवाद और रैलियों जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। डॉ. पाठक ने युवाओं से जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *