सोलन सब्जी मंडी में टमाटर के भाव में सुधार देखने को मिल रहा है। मंडी के शॉप नंबर 23 के व्यापारी भूपेंद्र मेहता ने बताया कि सोमवार को सामान्य गुणवत्ता का टमाटर 350 से 550 रुपये प्रति क्रेट तक बिका, जबकि बेहतर और चुनिंदा गुणवत्ता वाले टमाटर 500 से 600 रुपये प्रति क्रेट के भाव पर बिके। विशाल और घराने क्षेत्र से आए नए माल को 560 से 570 रुपये प्रति क्रेट तक कीमत मिली।
उन्होंने बताया कि इस समय मंडी में 13405, 1284 और 2853 जैसी उन्नत किस्मों के गोल टमाटर की अच्छी आवक हो रही है। किसानों द्वारा लाया जा रहा नया और साफ-सुथरा माल गुणवत्ता के कारण बेहतर दाम प्राप्त कर रहा है। वहीं, नासिक, औरंगाबाद सहित अन्य राज्यों से भी टमाटर की आवक शुरू हो गई है, जिससे आगामी दिनों में बाजार की स्थिति बाहरी राज्यों की सप्लाई पर निर्भर रहेगी।
भूपेंद्र मेहता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अब टमाटर की फसल अंतिम चरण में है और सोलन मंडी से केवल पांच से छह ट्राले माल निकलने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय आवक लगातार कम होती जाएगी।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल की नियमित देखभाल करें, समय-समय पर आवश्यक स्प्रे करें और मंडी में माल भेजने से पहले उसकी अच्छी तरह ग्रेडिंग अवश्य करें। उनका कहना है कि साफ, छंटा हुआ और बेहतर गुणवत्ता का टमाटर बाजार में अधिक कीमत दिलाने में मदद करता है, जिससे किसानों को अपनी मेहनत का उचित लाभ मिल सकता है।