सोलन में खड़े ट्रक का टायर फटा, आग लगने से मचा हड़कंप

सोलन। शिमला की ओर से सेब लेकर जा रहे गुजरात नंबर के एक रेफ्रिजरेटेड ट्रक में सड़क किनारे खड़े होने के दौरान अचानक आग लग गई। हादसे में ट्रक का पिछला हिस्सा आग की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि घटना के समय चालक ट्रक के बाहर था, जिससे वह सुरक्षित बच गया।
ट्रक चालक ने बताया कि वह शिमला से आगे से ट्रक में सेब लोड कर बोर की ओर जा रहा था। सोलन के पास पहुंचने के बाद उसने किसी कारण से ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। चालक के अनुसार वह करीब 15 मिनट से ट्रक को खड़ा करके रुका हुआ था। इसी दौरान ट्रक का पिछला टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया।
टायर फटने के तुरंत बाद ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। चालक ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग को इसकी जानकारी दी गई और आग बुझाने की कार्रवाई की गई।
ट्रक में आग लगने की घटना के चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। करीब आधे घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों में भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
गनीमत रही कि आग की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। चालक के अनुसार प्रारंभिक तौर पर अत्यधिक गर्म होने के कारण पिछला टायर फटने के बाद आग लगने की आशंका है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *