सोलन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सोलन सिटी कांग्रेस की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोलन कांग्रेस शहरी अध्यक्ष पुनीत शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए तथा दोनों महान नेताओं के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया। सुभाष बरमानी और पुनीत शर्मा सहित उपस्थित कांग्रेस सदस्यों ने महात्मा गांधी के बताए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक एकता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
पुनीत शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को स्वतंत्रता के आंदोलन में नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी जी की सत्यवादिता, स्वच्छता और स्वच्छ विचारों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प लिया है।
इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया गया। वर्ष 1965 के युद्ध के बाद शास्त्री द्वारा दिए गए प्रसिद्ध मंत्र ‘जय जवान, जय किसान’ का स्मरण करते हुए देश की सुरक्षा और किसानों के योगदान को सम्मान देने की बात कही गई।
पुनीत शर्मा ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने पर जोर दिया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचारों को आत्मसात कर समाज और देश के विकास में योगदान देना ही दोनों महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।