सोलन। नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने सोलन-चंबाघाट पैदल मार्ग के निर्माण कार्य को शहर के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसे निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग शहरवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में भी उपयोगी साबित होगा।
मदन हिमाचली ने बताया कि वह इस परियोजना के शुभारंभ के प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं। देवेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता के दौरान इस मार्ग का शुभारंभ मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने किया था। उन्होंने कहा कि मार्ग निर्माण के लिए सेना से आवश्यक अनुमति और स्वीकृतियां प्राप्त करने में मंत्री धनीराम शांडिल ने महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किए गए मूल प्राकलन में पैदल मार्ग की चौड़ाई लगभग एक से डेढ़ मीटर निर्धारित की गई थी। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान शुरुआती प्राकलन और तय मानकों का पालन किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
मदन हिमाचली ने कहा कि यह मार्ग बुजुर्गों, सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों और अन्य स्थानीय नागरिकों के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध करवाएगा। इसके अलावा किसी आपात स्थिति में भी यह मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि मार्ग की चौड़ाई पर्याप्त होनी चाहिए, ताकि आमने-सामने से आने वाले लोग आसानी से एक-दूसरे को पार कर सकें और उन्हें मुख्य सड़क पर उतरने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से मार्ग के साथ उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की। मदन हिमाचली ने कहा कि बारिश के दौरान पानी की निकासी सही न होने से रास्ते को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि यह परियोजना लंबे समय तक शहरवासियों के लिए उपयोगी बनी रहे।
सोलन-चंबाघाट पैदल मार्ग शहर के लिए मील का पत्थर, निर्धारित मापदंडों के अनुसार हो निर्माण: मदन हिमाचली