सोलन। सोलन के मॉल रोड स्थित मुरारी मार्केट के ऐतिहासिक दुर्गा माता मंदिर में आश्विन नवरात्र महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्र के प्रथम दिन से ही मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के पुजारी पंडित मदन दत्त शर्मा ने बताया कि महोत्सव के दौरान देवी भागवत पुराण कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को मां भगवती की महिमा से अवगत करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि छठे नवरात्र की कथा में भगवान श्रीराम द्वारा भगवती की उपासना और रावण पर विजय प्राप्त करने के प्रसंग का वर्णन किया गया। आगामी कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म महोत्सव, उनकी लीलाओं तथा मां भगवती के विभिन्न स्वरूपों की महिमा का वर्णन किया जाएगा। इसमें महिषासुर मर्दिनी, शुंभ-निशुंभ मर्दिनी और रक्तबीज संहारिणी के प्रसंग भी शामिल होंगे।
पंडित मदन दत्त शर्मा ने बताया कि नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे होगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे तक कथा का समापन और भोग प्रसाद वितरण किया जाएगा। मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक कथा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर मां भवानी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
पंडित मदन शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं और बच्चों का सनातन संस्कृति तथा धार्मिक परंपराओं के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा मंदिर पहुंचकर धार्मिक कथाएं सुन रहे हैं और पूजा-अर्चना में भाग ले रहे हैं। यह बदलाव सनातन परंपराओं के प्रति बढ़ती आस्था को दर्शाता है। नवरात्र महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक और आध्यात्मिक संदेश भी दिया जा रहा है।